अवधभूमि

हिंदी न्यूज़, हिंदी समाचार

प्रेस क्लब ऑफ इंडिया को पहली महिला अध्यक्ष, संगीता बरुआ पिशारोटी ने रचा इतिहास:

प्रेस क्लब ऑफ इंडिया को पहली महिला अध्यक्ष, संगीता बरुआ पिशारोटी ने रचा इतिहास

नई दिल्ली। प्रेस क्लब ऑफ इंडिया (PCI) के चुनाव में संगीता बरुआ पिशारोटी को क्लब की पहली महिला अध्यक्ष चुना गया है। यह क्लब के इतिहास में एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक क्षण माना जा रहा है। 13 दिसंबर को हुए चुनाव में पिशारोटी के पैनल ने सभी पदों पर शानदार जीत दर्ज करते हुए 21-0 से क्लीन स्वीप किया।

अध्यक्ष पद के लिए हुए मुकाबले में संगीता बरुआ पिशारोटी को 1,019 वोट मिले, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी अतुल मिश्रा को 129 और अरुण शर्मा को 89 वोट प्राप्त हुए।

महासचिव पद पर अफ़ज़ल इमाम ने 948 वोट हासिल कर ज्ञान प्रकाश (290 वोट) को निर्णायक रूप से पराजित किया। वहीं उपाध्यक्ष पद पर जतिन गांधी ने 1,029 वोट पाकर 900 से अधिक मतों के अंतर से जीत दर्ज की।

कोषाध्यक्ष पद पर अदिति राजपूत और संयुक्त सचिव पद पर पीआर सुनील को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।

प्रबंध समिति के सदस्य

16 सदस्यीय प्रबंध समिति के चुनाव में नीरज कुमार ने 932 वोटों के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। उनके बाद अभिषेक कुमार सिंह (911), जाह्नवी सेन (903), अशोक कौशिक (892), कल्लोल भट्टाचार्जी (882), प्रवीण जैन (878), अग्रज प्रताप सिंह (865), मनोज शर्मा (861), न्यानीमा बसु (851), पीबी सुरेश (838), वीपी पांडेय (833), प्रेम बहुखंडी (831), स्नेहा भूरा (829), जावेद अख्तर (823), रेज़ाउल हसन लस्कर (781) और सुनील कुमार (780) चुने गए।

चुनाव परिणामों की घोषणा प्रेस क्लब ऑफ इंडिया के लॉन में मुख्य चुनाव आयुक्त एमएमसी शर्मा और उनकी टीम ने की, जहां बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।

प्रतिक्रियाएं

नवनिर्वाचित अध्यक्ष संगीता बरुआ पिशारोटी ने कहा कि यह जीत प्रेस क्लब के सदस्यों के विश्वास और स्वतंत्र, निष्पक्ष व जिम्मेदार पत्रकारिता के मूल्यों के प्रति उनकी टीम की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

वहीं निवर्तमान अध्यक्ष गौतम लाहिरी ने सदस्यों का आभार जताते हुए विश्वास व्यक्त किया कि नई टीम क्लब को और अधिक समावेशी, संवेदनशील और समसामयिक चुनौतियों के अनुरूप मजबूत बनाएगी। निवर्तमान महासचिव नीरज ठाकुर ने इसे समानता, विविधता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति क्लब की प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया।

प्रेस क्लब ऑफ इंडिया में पहली महिला अध्यक्ष का चुनाव पत्रकारिता जगत में लैंगिक समानता और समावेशी नेतृत्व की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

About Author