अवधभूमि

हिंदी न्यूज़, हिंदी समाचार

अब नियुक्ति एवं कार्मिक विभाग की जांच के घेरे में आबकारी आयुक्त डॉ. आदर्श सिंह

, अब नियुक्ति एवं कार्मिक विभाग की जांच के घेरे में आबकारी आयुक्त डॉ. आदर्श सिंह
उत्तर प्रदेश के आबकारी आयुक्त डॉ. आदर्श सिंह को लेकर शासन स्तर पर हलचल तेज हो गई है। सूत्रों के मुताबिक प्रधानमंत्री कार्यालय तक भेजी गई कई गंभीर शिकायतों के बाद अब नियुक्ति एवं कार्मिक विभाग ने पूरे मामले में जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है। शिकायतों में आय से अधिक संपत्ति, विभागीय स्तर पर कथित अनियमितताओं, प्रशासनिक फैसलों में गड़बड़ी और वित्तीय मामलों से जुड़े गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
बताया जा रहा है कि लंबे समय से आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर शासन स्तर पर सवाल उठ रहे थे। शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि विभागीय स्तर पर कई फैसलों में पारदर्शिता का अभाव रहा और कुछ मामलों में नियमों की अनदेखी भी की गई। यही नहीं, आय से अधिक संपत्ति को लेकर भी दस्तावेजों सहित शिकायतें उच्च स्तर पर भेजी गई थीं, जिसके बाद मामला प्रधानमंत्री कार्यालय तक पहुंचा।
सूत्रों के अनुसार पीएमओ में शिकायत पहुंचने के बाद शासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए नियुक्ति एवं कार्मिक विभाग को तथ्यों की जांच और रिपोर्ट तैयार करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। इसी क्रम में श्रमिक बस्ती नैनी से जुड़े एक प्रकरण को लेकर भी शासन स्तर से पत्र जारी किया गया। पत्र में संबंधित व्यक्ति विनय मिश्र से आवश्यक अभिलेख और जानकारी उपलब्ध कराने को कहा गया है, ताकि शिकायतों और तथ्यों का सत्यापन किया जा सके।
बताया जा रहा है कि जांच के दौरान आबकारी विभाग से जुड़े कई प्रशासनिक और वित्तीय बिंदुओं की भी समीक्षा की जा रही है। विभागीय निर्णयों, संपत्तियों से जुड़े रिकॉर्ड, पत्राचार और अन्य दस्तावेजों की पड़ताल होने की चर्चा है। शासन स्तर पर चल रही इस गतिविधि के बाद आबकारी विभाग में हड़कंप की स्थिति बताई जा रही है।

अब नियुक्ति एवं कार्मिक विभाग की जांच के घेरे में आबकारी आयुक्त डॉ. आदर्श सिंह
हालांकि अभी तक शासन या संबंधित जांच एजेंसी की ओर से कोई आधिकारिक विस्तृत बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जा सकती है।

About Author