
तमिलनाडु के राज्यपाल को बर्खास्त करने की मांग, विजय शाह प्रकरण पर भी केंद्र सरकार को घेरा
लालगंज/प्रतापगढ़।
राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता एवं वरिष्ठ कांग्रेस सांसद Pramod Tiwari ने शनिवार को केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए प्रधानमंत्री पर चीन और पाकिस्तान को लेकर नरम रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान चीन द्वारा पाकिस्तान को सेटेलाइट, तकनीकी उपकरण और रणनीतिक सहायता देने की स्वीकारोक्ति ने देश की राष्ट्रीय प्रतिष्ठा को गहरी ठेस पहुंचाई है, लेकिन प्रधानमंत्री की चुप्पी कई सवाल खड़े कर रही है।
प्रमोद तिवारी ने कहा कि जब चीन खुलकर भारत विरोधी गतिविधियों में पाकिस्तान का साथ दे रहा है तो प्रधानमंत्री को तत्काल प्रभाव से चीन के साथ सभी व्यापारिक रिश्ते तोड़ देने चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर भारत के व्यापार से कमाए धन का इस्तेमाल चीन भारत के दुश्मन देश की मदद में क्यों करे और केंद्र सरकार मूकदर्शक बनी रहे।
सांसद तिवारी ने कहा कि मोदी सरकार की यह खामोशी देश की सुरक्षा और सम्मान दोनों के लिए खतरनाक संकेत है। उन्होंने जोर देकर कहा कि अब निर्णायक कार्रवाई का समय है, न कि कूटनीतिक चुप्पी का।
इसी क्रम में उन्होंने Kunwar Vijay Shah के खिलाफ कार्रवाई में देरी को लेकर भी केंद्र और मध्यप्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कर्नल सोफिया कुरैशी पर की गई अपमानजनक टिप्पणी भारतीय सेना और देशवासियों का अपमान है। सुप्रीम कोर्ट की फटकार के बावजूद एक साल तक अभियोजन की अनुमति न देना सरकार की मंशा पर सवाल खड़े करता है।
प्रमोद तिवारी ने कहा कि अगर सेना के सम्मान से जुड़े इतने संवेदनशील मामले में भी सरकार कार्रवाई से बचती रही तो यह लोकतंत्र और न्याय व्यवस्था दोनों के लिए शर्मनाक होगा। उन्होंने प्रधानमंत्री और गृह मंत्री से इस मुद्दे पर देश और सशस्त्र बलों से सार्वजनिक माफी मांगने की मांग की।
तमिलनाडु के राजनीतिक घटनाक्रम पर भी प्रमोद तिवारी ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए राज्यपाल के रवैये को “लोकतंत्र की हत्या” करार दिया। उन्होंने कहा कि सबसे बड़े दल को सरकार गठन के लिए आमंत्रित न करना संविधान और संसदीय परंपराओं के खिलाफ है।
उन्होंने मांग की कि तमिलनाडु के राज्यपाल को फौरन वापस बुलाया जाए या बर्खास्त किया जाए।
प्रमोद तिवारी ने कहा कि भाजपा सरकार की अपरिपक्व नीतियों से देश की अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा प्रभावित हो रही है। कांग्रेस और समूचा विपक्ष लोकतंत्र की रक्षा और देशहित के लिए सदन से सड़क तक संघर्ष जारी रखेगा।
यह बयान शनिवार को कांग्रेस मीडिया प्रभारी ज्ञानप्रकाश शुक्ल की ओर से जारी किया गया।




More Stories
शराब कंपनी रेडीको को बड़ा झटका: मुश्किल में संगम माल्टा व्हिस्की जैसा मशहूर ब्रांड:
कानपुर में ₹250 करोड़ GST ठगी का भंडाफोड़:
महाखुलासा | ट्रांसफर सीजन से पहले ‘पोस्टिंग बाजार’ गरम, 80 से 90 लाख रुपए तक जा सकता है ट्रांसफर बाजार