
लालगंज, प्रतापगढ़। राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता ने केंद्र की मोदी सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार पर महंगाई, बिजली दरों और परीक्षाओं में अनियमितताओं को लेकर तीखा हमला बोला है। सोमवार को लालगंज स्थित कैंप कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार जनता को राहत देने के बजाय लगातार आर्थिक बोझ बढ़ा रही है और अब यह सरकार आम लोगों पर बोझ बन चुकी है।
प्रमोद तिवारी ने कहा कि एक ओर प्रधानमंत्री जनता को “मन की बात” सुनाते हैं, वहीं दूसरी ओर सरकार महंगाई बढ़ाकर लोगों की जेब पर सीधा असर डाल रही है। उन्होंने व्यावसायिक गैस सिलेंडर की कीमतों में हालिया वृद्धि का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार ने एक बार फिर कारोबारियों, छोटे दुकानदारों और आम उपभोक्ताओं को झटका दिया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार अपने चुनिंदा पूंजीपति मित्रों को लाभ पहुंचाने के लिए लगातार ऐसी नीतियां अपना रही है, जिनका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। तिवारी ने कहा कि छोटे गैस सिलेंडरों के दाम बढ़ने से सबसे अधिक असर गरीब, प्रवासी मजदूर, चाय-नाश्ते के ठेला संचालकों और छात्रों पर पड़ेगा।
सांसद ने उत्तर प्रदेश में बिजली बिलों पर लगाए गए 10 प्रतिशत फ्यूल सरचार्ज को भी जनता के साथ अन्याय बताते हुए कहा कि जब सरकार निर्बाध बिजली आपूर्ति देने में सफल नहीं है, तब अतिरिक्त शुल्क लगाना उसकी विफलता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर असफल साबित हो रही है, लेकिन उसका बोझ जनता पर डाला जा रहा है।
परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं पर चिंता व्यक्त करते हुए प्रमोद तिवारी ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता प्रभावित हुई है। उन्होंने विभिन्न परीक्षाओं में हुई गड़बड़ियों के लिए केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि शिक्षा व्यवस्था को सुधारने के लिए जवाबदेही तय होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था भी गलत नीतियों और दूरदर्शिता की कमी के कारण दबाव में है। महंगाई, बेरोजगारी और बढ़ती लागत ने आम नागरिक का जीवन कठिन बना दिया है। तिवारी ने केंद्र सरकार से गैस सिलेंडर की बढ़ी हुई कीमतों को वापस लेने और जनता को राहत देने की मांग की।
पत्रकार वार्ता से पहले प्रमोद तिवारी ने लालगंज कैंप कार्यालय में लोगों की जनसमस्याएं सुनीं। इसके बाद उन्होंने बाबा घुइसरनाथ धाम पहुंचकर दर्शन-पूजन किया तथा मेले की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। क्षेत्र के विभिन्न गांवों में पहुंचकर उन्होंने लोगों से मुलाकात की और विकास कार्यों में सहयोग बनाए रखने की अपील की।
इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।




More Stories
अवध भूमि न्यूज़ की खबर का बड़ा असर: निरीक्षक इकबाल खान का ट्रांसफर रद्द, लेकिन अमित अग्रवाल पर सवाल अभी बरकरार:
आबकारी विभाग में ट्रांसफर घोटाला! अब इकबाल खान की अर्जी ने खोली तबादला नीति की पोल, कमिश्नर कार्यालय पर गंभीर सवाल:
अवध भूमि न्यूज़ की खबर का बड़ा असर! प्रतापगढ़ के प्रभारी जिला विकास अधिकारी संतोष सिंह हटाए गए