अवधभूमि

हिंदी न्यूज़, हिंदी समाचार

यूपी में पदोन्नति प्रक्रिया होगी ऑनलाइन, मानव संपदा पोर्टल पर तैयार हुआ डीपीसी मॉड्यूल :

यूपी में पदोन्नति प्रक्रिया होगी ऑनलाइन, मानव संपदा पोर्टल पर तैयार हुआ डीपीसी मॉड्यूल
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य के लाखों सरकारी कर्मचारियों की पदोन्नति प्रक्रिया को पारदर्शी और तेज बनाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। अब प्रदेश में अधिकारियों और कर्मचारियों की पदोन्नति (डीपीसी) की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन की जाएगी। इसके लिए मानव संपदा पोर्टल पर विशेष डीपीसी मॉड्यूल विकसित किया गया है।
इस संबंध में मुख्य सचिव एस.पी. गोयल ने सभी विभागों को आदेश जारी कर दिया है। आदेश के मुताबिक सभी विभागों को 31 मार्च तक डीपीसी मॉड्यूल के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी करनी होंगी, ताकि पदोन्नति की प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल तरीके से शुरू की जा सके।
पोर्टल पर उपलब्ध होंगी कर्मचारियों की पूरी जानकारी
नए डीपीसी मॉड्यूल के तहत प्रत्येक कर्मचारी से संबंधित पूरी सेवा जानकारी मानव संपदा पोर्टल पर उपलब्ध होगी। इसमें कर्मचारियों की सेवा पुस्तिका, पदस्थापन, वरिष्ठता और अन्य जरूरी विवरण शामिल किए जाएंगे। इससे विभागीय पदोन्नति समिति (DPC) को रिकॉर्ड देखने में आसानी होगी और प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी।
एसीआर भी होगी ऑनलाइन अपलोड
सरकार ने यह भी निर्देश दिया है कि कर्मचारियों की वार्षिक गोपनीय प्रविष्टि (ACR) भी मानव संपदा पोर्टल पर अपलोड की जाएगी। इससे पदोन्नति के समय रिकॉर्ड तुरंत उपलब्ध रहेगा और कागजी प्रक्रिया कम हो जाएगी।
डीपीसी कोऑर्डिनेटर बढ़ाएंगे प्रक्रिया आगे
प्रत्येक विभाग में नामित डीपीसी कोऑर्डिनेटर पोर्टल पर लॉगिन कर पदोन्नति से संबंधित प्रक्रिया को आगे बढ़ाएंगे। इससे विभागों के बीच समन्वय बेहतर होगा और समयबद्ध तरीके से डीपीसी बैठकें आयोजित की जा सकेंगी।
8.5 लाख कर्मचारियों को होगा लाभ
इस नई व्यवस्था से प्रदेश के करीब 8.5 लाख से अधिक सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों को लाभ मिलेगा। पदोन्नति प्रक्रिया तेज, पारदर्शी और डिजिटल होने से कर्मचारियों को लंबित प्रमोशन मामलों में भी राहत मिलने की उम्मीद है।

About Author