अवधभूमि

हिंदी न्यूज़, हिंदी समाचार

केंद्रीय बजट 2026 पर सदर विधानसभा में व्यापारी संवाद, विकसित भारत के संकल्प पर जोर:

केंद्रीय बजट 2026 पर सदर विधानसभा में व्यापारी संवाद, विकसित भारत के संकल्प पर जोर
सदर विधानसभा क्षेत्र में रविवार को Ginger Hotel में केंद्रीय बजट 2026 को लेकर व्यापारी संवाद एवं विचार-विमर्श कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय व्यापारियों के साथ बजट के प्रावधानों पर चर्चा कर उनके सुझाव प्राप्त करना था। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव ने की तथा संचालन राघवेन्द्र शुक्ला ने किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीनदयाल उपाध्याय और श्यामाप्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं वंदेमातरम् गीत के साथ हुआ। मुख्य वक्ता के रूप में सदर विधायक राजेन्द्र कुमार मौर्य ने केंद्रीय बजट की प्रमुख बातों को विस्तार से रखा।
विधायक ने अपने संबोधन में कहा कि केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत यह बजट देश की अर्थव्यवस्था को और सशक्त बनाने वाला है तथा आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के संकल्प को गति देने वाला है। उन्होंने कहा कि छोटे एवं मध्यम व्यापारियों, स्टार्टअप्स, एमएसएमई सेक्टर, उद्योग और स्वरोजगार को विशेष प्राथमिकता दी गई है। इससे व्यापार जगत को नई ऊर्जा मिलेगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि यह बजट देश और प्रदेश दोनों को विकास की नई दिशा देगा। उन्होंने विश्वास जताया कि जनपद भी विकास की अग्रिम पंक्ति में शामिल होगा, जिसका सीधा लाभ यहां के व्यापारियों, युवाओं और किसानों को मिलेगा।
इस अवसर पर व्यापारी नेता उमा प्रकाश अग्रहरि, मंजीत सिंह छावड़ा, संजय सोनी, लखनलाल बाबा, अर्पित खंडेलवाल, सरदार सती सिंह सहित कई व्यापारियों ने अपने विचार व्यक्त किए। सभी वक्ताओं ने बजट को विकसित भारत की मजबूत नींव रखने वाला बताया।
कार्यक्रम के समापन से पूर्व भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व एमएलसी विन्ध्यवासिनी कुमार की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम में संतोष मिश्र, वरिष्ठ भाजपा नेता शिवानी मातनहेलिया, छाया श्रीवास्तव, पिंकी दयाल, सुनील गोयल, संजय आहूजा, रमेश जायसवाल, सुरेश केडिया, श्यामजी जायसवाल, संतोष कुमार बबलू, विकास कुमार, दीपक कुमार, उमर वैश्य, सभासद तुषारदत्त मिश्र, सभासद अनिल सिंह, सभासद आशुतोष सिंह, सभासद संजय सिंह, अंकित पुष्पजीवी, अनुराग मिश्र, रजत सक्सेना, साधू दूबे सहित सैकड़ों व्यापारी उपस्थित रहे।

About Author