
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश आबकारी विभाग में अब अधिकारियों और कर्मचारियों के सभी प्रकार के अवकाश की स्वीकृति अनिवार्य रूप से “मानव संपदा” पोर्टल के माध्यम से ही की जाएगी। इस संबंध में आबकारी आयुक्त, उत्तर प्रदेश की ओर से 13 फरवरी 2026 को विस्तृत आदेश जारी किया गया है।
जारी पत्र के अनुसार, यह निर्णय उत्तर प्रदेश शासन के कार्मिक अनुभाग-5 द्वारा 11 फरवरी 2026 को जारी शासनादेश के अनुपालन में लिया गया है। शासन के निर्देशों के तहत अब अवकाश स्वीकृति की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से ही संपादित की जाएगी, जिससे पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जा सके।
आदेश में प्रदेश के समस्त संयुक्त आबकारी आयुक्त (जोन्स), उप आबकारी आयुक्त, जिला आबकारी अधिकारी, सहायक आबकारी आयुक्त (प्रवर्तन/आसवनी/प्रशासन) तथा मुख्यालय प्रयागराज के अनुभाग अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि शासनादेश का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करें।
आबकारी आयुक्त अवध आदर्श सिंह द्वारा हस्ताक्षरित इस आदेश के साथ शासनादेश की प्रति भी संलग्न की गई है। विभागीय सूत्रों के अनुसार, अब किसी भी प्रकार का अवकाश ऑफलाइन या पारंपरिक फाइल प्रणाली से स्वीकृत नहीं किया जाएगा।
इस व्यवस्था से विभाग में कार्यप्रणाली अधिक सुव्यवस्थित होने के साथ-साथ अवकाश से संबंधित अभिलेखों का डिजिटल रिकॉर्ड भी सुरक्षित रहेगा।




More Stories
शराब माफिया घोषित हुआ हिस्ट्रीशीटर मनोज जायसवाल, चार सहयोगी भी रडार पर:
अवध भूमि न्यूज़ की खबर का असर? प्रतापगढ़ में 13 वीडीओ के स्थानांतरण आदेश निरस्त:
अवध भूमि न्यूज़ को दबाव में लेने की कोशिश? फर्जी प्रकरण में फंसाने की कथित साजिश पर उठे सवाल: